अबोहर / रामपुरा:
पंजाब स्टेट स्कूल खेलों की कुश्ती प्रतियोगिता में रामपुरा निवासी आशीष पुनिया की दोनों होनहार बेटियों ने शानदार प्रदर्शन कर पूरे समाज और प्रदेश का नाम रोशन किया है। भाग सिंह स्कूल की छात्रा वर्निका पुनिया ने 65 किलोग्राम भार वर्ग की कुश्ती में अपने प्रतिद्वंद्वियों को मात देकर स्वर्ण पदक (Gold Medal) पर कब्जा जमाया। वहीं, दूसरी बहन वंशिका पुनिया ने 69 किलोग्राम भार वर्ग की कुश्ती में कड़े मुकाबले के बीच उत्कृष्ट दांव-पेंच दिखाते हुए कांस्य पदक (Bronze Medal) हासिल किया।
लगातार दूसरे साल लहराया परचम
दोनों बहनों ने अपनी इस शानदार उपलब्धि से साबित कर दिया है कि उनकी मेहनत और लगन निरंतर रंग ला रही है। इससे पूर्व पिछले वर्ष भी दोनों बहनों ने राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में पदक जीतकर समाज और क्षेत्र का मान बढ़ाया था।
समाज में खुशी की लहर
बेटियों की इस दोहरी सफलता पर परिवार, विद्यालय स्टाफ और पूरे बिश्नोई समाज में हर्ष का माहौल है। बिश्नोई सभा, पंजाब ने वर्निका पुनिया, वंशिका पुनिया और उनके पूरे परिवार को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। सभा के पदाधिकारियों ने दोनों बेटियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि बेटियां आज हर क्षेत्र में कीर्तिमान स्थापित कर रही हैं और आने वाले समय में राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी देश का नाम चमकाएंगी।