राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के कई हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक पानी की समस्या का सामना करना पड़ सकता है। अपर गंगा नहर के वार्षिक रखरखाव का काम शुरू होने के चलते सोनिया विहार वाटर ट्रीटमेंट प्लांट (Sonia Vihar Water Treatment Plant) की उत्पादन क्षमता और जलापूर्ति पर असर पड़ा है।
प्रशासन से मिली जानकारी के मुताबिक, यह स्थिति 8 नवंबर तक बनी रह सकती है। इस दौरान कई इलाकों और सरकारी परिसरों में पानी की आपूर्ति आंशिक रूप से बाधित रहने या कम दबाव से मिलने की आशंका जताई गई है। हालांकि, अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि पूरी दिल्ली में पानी की सप्लाई बंद करने की कोई घोषणा नहीं की गई है, लेकिन प्रभावित क्षेत्रों के लोगों को सलाह दी गई है कि वे पानी का संयमित उपयोग करें।