राजस्व खुफिया निदेशालय (DRI) की टीम ने हैदराबाद एयरपोर्ट पर चेकिंग के दौरान विदेशी मुद्रा की बड़ी तस्करी का पर्दाफाश किया है। अधिकारियों ने दो संदिग्ध यात्रियों को रोककर उनके सामान की तलाशी ली, जिसके पास से करीब 1.56 करोड़ रुपये मूल्य की विदेशी मुद्रा बरामद हुई।
पूछताछ के दौरान दोनों यात्री विदेशी मुद्रा को अपने पास रखने और उसे ले जाने से संबंधित कोई भी वैध दस्तावेज या कागजात पेश करने में असमर्थ रहे। इसके बाद DRI ने विदेशी मुद्रा को जब्त कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। अधिकारियों के मुताबिक, इस मामले में आगे की जांच की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस अवैध मुद्रा को कहां ले जाया जा रहा था और इसके पीछे किसी बड़े रैकेट का हाथ है या नहीं।