चक्रवात के प्रभाव से आंध्र प्रदेश में भारी तबाही देखने को मिल रही है। चक्रवात से जुड़ी विभिन्न बारिश जनित घटनाओं में अब तक 5 लोगों की जान जा चुकी है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने आंध्र प्रदेश के 13 जिलों और यानम में अचानक बाढ़ (Flash Flood) आने की आशंका जताई है।
प्रशासन द्वारा जारी हाई अलर्ट के दायरे में बापटला, गुंटूर, एनटीआर, कृष्णा, एलुरु, पूर्वी गोदावरी, काकीनाडा, अल्लूरी सीताराम राजू, विशाखापत्तनम, विजयनगरम, अनाकापल्ली, पार्वतीपुरम मान्यम और पश्चिम गोदावरी जैसे प्रमुख जिले शामिल हैं। संभावित खतरे को देखते हुए निचले इलाकों में एनडीआरएफ (NDRF) और एसडीआरएफ (SDRF) की टीमों को तैनात कर दिया गया है तथा प्रभावित क्षेत्रों से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है। प्रशासन ने नागरिकों से अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलने और सतर्क रहने की अपील की है।